उत्तराखंड समाचार

शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक परेड ग्राउण्ड में आयोजित मोदी फेस्ट प्रदर्शिनी का अवलोकन करते हुए

प्रदेश के शहरी विकास, आवास, राजीव गाँधी शहरी आवास, जनगणना, पुनर्गठन एवं निर्वाचन मंत्री मदन कौशिक ने आज परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित मोदी फेस्ट में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की उनके साथ इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट भी मौजूद थे।
उन्होंने मोदी फेस्ट मे उपस्थित जन समूह एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए केन्द्र सरकार के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री भारत सरकार के तीन साल पूर्ण होने पर परेड ग्राउंड में मोदी फेस्ट शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बीते तीन सालों में उल्लेखनीय कार्य किये हैं। इससे नये भारत के नव निर्माण की नींव पड़ी है। उन्होंने समारोह में कहा कि केन्द्र सरकार की डिजिटल इण्डिया, मेक इन इण्डिया, स्किल इण्डिया योजनाओं, स्वच्छ भारत अभियान तथा तमाम ऐसी 104 योजनओं को प्रदर्शित किया गया है। इस फेस्ट के माध्यम से उक्त योजनाएं बहुत तेजी से जनता में पहुचेगी। कार्यकर्ता इन योजनाओं का बारीकी से अध्ययन कर अपने-अपने वार्डों एवं बूथों पर पहुचाने का कार्य करें।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मा0 प्रधानमंत्री द्वारा देश का कोई क्षेत्र एवं समुदाय नहीं छोड़ा है, जिस क्षेत्र के लिए योजना न बनी हो। ये योजनाएं धरातल पर पहुँच रही हैं। प्रधानमंत्री द्वारा खुद उक्त योजनाओं की समीक्षा की जा रही है। विगत तीन वर्षों में जो योजनाए एवं परियोजनायें भारत सरकार ने दी हैं। उनसे पूरे देश का हर क्षेत्र लाभान्वित होगा। इन योजनाओं का सघन प्रचार-प्रसार कार्य कर्ताओं के माध्यम से मौहल्ला बूथ एवं वार्डों मे बतायेंगे तथा योजनाओं की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए लाभार्थियों को फार्म भरते हुए व्यक्तियों को लाभान्वित करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का कार्य मोदी सरकार कर रही है।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि देश कि सरकार ने सेना को पूर्ण अधिकार दिये हैं, कि वह अपने विवेक से कार्य करें।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि मोदी फेस्ट में प्रदर्शित योजनाओं को आम जनता एवं आम जन मानस तक पहुचाने में अपना सकारात्मक सहयोग करें। जिससे मोदी जी द्वारा जो योजनाएं हर क्षेत्र के व्यक्ति के लिए बनाई गयी हैं उसका उन्हें लाभ मिले। उक्त योजनाएं घर-घर तक पहुचनी चाहिए।
मोदी फेस्ट के उत्तराखण्ड समन्वयक नरेश बसंल ने इस अवसर पर कहा कि पूरे देश में चार लाख कार्यकर्ता मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर कार्य कर रहे हैं। मोदी फेस्ट के 900 कार्यक्रम पूरे देश में हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सारी योजनाओं की जानकारी ले कर जनता को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि पं0 दीन दयाल उपाध्याय के दर्शन पर चलकर ईमानदारी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के 22 शहरों में मोदी फेस्ट कार्यक्रम एवं 13 जगह सबका साथ सबका विकास कार्यक्रम चल रहा है।
समारोह का संचालन महानगर अध्यक्ष भाजपा उमेश अग्रवाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता विनय गोयल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नीनू सहगल, व्यापारी नेता मृदुल कौशिक, भगवत प्रसाद मकवाना, राजेन्द्र ढीलो, बलजीत सोनी, मण्डल अध्यक्ष भाजपा एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button