
किस्मत कब, कहां और किस रूप में मेहरबान हो जाए, इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। कहते हैं कि 'ऊपर वाला जब भी देता है, छप्पर फाड़कर देता है' और अमेरिका के साउथ कैरोलिना में रहने वाले एक शख्स पर यह कहावत पूरी तरह सटीक बैठती है। वह घर से निकला तो था रोजमर्रा की जरूरत की ब्रेड खरीदने के लिए, लेकिन जब वह घर वापस पहुंचा, तो वह सामान्य इंसान नहीं बल्कि करोड़ों का मालिक बन चुका था। ब्रेड के एक पैकेट के साथ उसकी जिंदगी में जो मोड़ आया, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। पिगली विगली स्टोर की वो सामान्य सी विजिट यह दिलचस्प मामला साउथ कैरोलिना के मिडलैंड्स इलाके का है। वहां रहने वाला एक स्थानीय व्यक्ति हमेशा की तरह घर के कामों में व्यस्त था। तभी उसे याद आया कि घर में ब्रेड खत्म हो गई है। उसकी पत्नी के कहने पर वह नजदीकी स्टोर से ब्रेड का पैकेट लेने के लिए सुम्प्टर में स्थित साउथ गुइग्नार्ड ड्राइव पर पहुंचा। यहां 'पिगली विगली' नाम का एक मशहूर स्टोर था। उसने वहां से ब्रेड खरीदी, लेकिन काउंटर पर नजर पड़ते ही उसकी दिलचस्पी वहां रखी लॉटरी की पर्चियों में जग गई और यही वो पल था जिसने उसकी तकदीर लिख दी। 900 रुपये का दांव और रूबी रेड ट्रेजर्स ब्रेड का पैकेट हाथ में लेते हुए उस शख्स ने काउंटर से 10 डॉलर (भारतीय मुद्रा के अनुसार लगभग 900 रुपये) का एक 'रूबी रेड ट्रेजर्स' स्क्रैच-ऑफ लॉटरी टिकट खरीदने का फैसला किया। उस समय उसके मन में केवल एक सामान्य उत्सुकता थी, उसे रत्ती भर भी अंदाजा नहीं था कि यह 10 डॉलर का छोटा सा निवेश उसकी पूरी दुनिया बदल देगा। वह चुपचाप अपनी खरीदी हुई ब्रेड और लॉटरी टिकट लेकर अपने घर की ओर चल दिया। जब टिकट को खुरचते ही उड़ गए होश घर के सुकून भरे माहौल में पहुंचकर उस शख्स ने बड़े आराम से टिकट को स्क्रैच करना शुरू किया। जैसे-जैसे कोटिंग हटने लगी, उसकी धड़कनें तेज होने लगीं। जब पूरी संख्या सामने आई, तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। टिकट पर कोई छोटी-मोटी राशि नहीं, बल्कि पूरे 5 लाख डॉलर (करीब 4.17 करोड़ रुपये) का इनाम चमक रहा था। कुछ पलों के लिए उसे लगा कि वह सपना देख रहा है, क्योंकि एक सामान्य सी खरीदारी ने उसे करोड़पति बना दिया था। विजेता की जुबानी: जीरो गिनते-गिनते चकरा गया सिर साउथ कैरोलिना एजुकेशन लॉटरी के अधिकारियों से बातचीत में इस खुशनसीब विजेता ने अपनी खुशी और हैरानी साझा की। उसने बताया कि वह पल किसी सपने जैसा लग रहा था। उसने कहा, "जब आप अपनी आंखों के सामने इतनी बड़ी जीत देखते हैं, तो यकीन करना मुश्किल होता है। मैं बार-बार अपनी स्क्रीन और उस टिकट पर लिखे जीरो की गिनती कर रहा था कि कहीं मुझसे कोई गलती तो नहीं हो रही है।" फिलहाल, इस व्यक्ति ने इतनी बड़ी रकम को तुरंत खर्च करने की कोई योजना नहीं बनाई है। वह अभी इस जीत के आनंद को जीना चाहता है और भविष्य के फैसलों के लिए थोड़ा समय लेना चाहता है।
UK News