
चीन इस समय प्रकृति के सबसे विनाशकारी रूप का सामना कर रहा है। देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश, चक्रवाती बवंडर और 'बावी' व 'मेसक' तूफानों ने ऐसा हाहाकार मचाया है कि हंसते-खेलते इलाके मलबे और पानी के समंदर में तब्दील हो चुके हैं। उत्तर-पश्चिमी चीन से लेकर दक्षिणी हिस्सों तक हर तरफ सिर्फ तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए चीनी सरकार ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सेना और हाई-टेक ड्रोनों को मैदान में उतारा है।
गांसु प्रांत में खौफनाक भूस्खलन: मलबे में तब्दील हुआ पूरा गांव
सबसे दिल दहला देने वाला हादसा उत्तर-पश्चिमी चीन के गांसु प्रांत में सामने आया है। गांसु के लोंगनान शहर के अंतर्गत आने वाले नानहे इलाके और तानचांग काउंटी में मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे, जब लोग गहरी नींद में थे, तभी पहाड़ों से दरकी मिट्टी और मलबे का एक विशाल हिस्सा रिहायशी इलाके पर गिर गया।
इस भीषण भूस्खलन (Landslide) की चपेट में आने से पूरा गांव मलबे के ढेर में बदल गया और 33 लोग जिंदा दफन हो गए। चीनी सरकारी मीडिया 'सीसीटीवी' और 'शिन्हुआ' के अनुसार, आपातकालीन टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि लापता 16 लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे प्रभावित क्षेत्र को खाली करा लिया गया है।
हुबेई में बवंडर का तांडव: हवा में उड़ीं छतें, 275 से अधिक घायल
तबाही का दूसरा मोर्चा मध्य चीन के हुबेई प्रांत में खुला, जहां आए एक हिंसक बवंडर (Tornado) ने भारी तबाही मचाई है। हुआंगगांग के हुआंगझू जिले में आए इस चक्रवात के कारण 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 275 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तेज हवाओं का वेग इतना भयानक था कि घरों की छतें उड़ गईं, बिजली के खंभे गिर गए और बड़े-बड़े पेड़ उखड़ गए। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 408 नागरिकों को सुरक्षित कैंपों में शिफ्ट किया है।
गुआंग्शी प्रांत में 'मेसक तूफान' का डबल अटैक: कंक्रीट के बांध टूटे
दक्षिणी चीन का गुआंग्शी प्रांत इस समय ट्रॉपिकल तूफान 'मेसक' (Typhoon Maysak) के कारण आई प्रलयकारी बाढ़ की चपेट में है। मूसलाधार बारिश के चलते जलाशयों में पानी का दबाव इतना बढ़ गया कि कंक्रीट के मजबूत बांध ताश के पत्तों की तरह ढह गए।
फेंगचेंगांग शहर में नदियां उफान पर हैं और मटियाले पानी का खौफनाक रेला बस्तियों को अपनी चपेट में ले रहा है। इस बाढ़ और तूफान के कारण अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 48,000 से अधिक लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा से कुल मिलाकर 55,000 से ज्यादा की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हुई है।
UK News