देश-विदेश

देश में कोरोना ने पकड़ी तेजी, 38 लाख के पार संक्रमित, महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 17,433 नए मामले

कोरोना वायरस के प्रसार ने तेजी पकड़ ली है। सोमवार को छोड़कर पिछले चार दिनों से लगातार 80 हजार के करीब नए मामले सामने आ रहे हैं। संक्रमितों का आंकड़ा देखते ही देखते 38 लाख को पार कर गया है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन एक हजार से अधिक लोगों की जान भी गई। हालांकि, अच्छी बात ये भी है कि लगातार बड़ी संख्या में मरीज ठीक भी हो रहे हैं और स्वस्थ हुए मरीजों की कुल संख्या भी 30 लाख के करीब पहुंच गई है।

80 हजार के करीब नए मामले, संक्रमितों का आंकड़ा 38 लाख के पार पहुंचा

राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से समाचार एजेंसियों व अन्य श्रोतों से रात नौ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार देर रात से अब तक 79,931 नए मामले सामने आए हैं। मंगलवार को 79,954 और रविवार को रिकॉर्ड 80,078 नए केस मिले थे। सिर्फ सोमवार को ही 65 हजार से कुछ अधिक नए मामले मिले थे। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 38 लाख 37 हजार 327 पर पहुंच गया है। इस दौरान 65,388 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है और अब तक स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 29 लाख 57 हजार 252 हो गई है।

कोरोना महामारी से अब तक 67,388 लोगों की मौत

सक्रिय मामले आठ लाख 12 हजार 687 रह गए हैं। इस तरह सक्रिय मामलों से 21 लाख से अधिक मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। हालांकि, इस महामारी ने अब तक 67,388 लोगों की जान भी ले ली है। बुधवार को 1,008 मरीजों की जान गई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 292, कर्नाटक में 113, आंध्र प्रदेश में 72, तमिलनाडु में 98, पुडुचेरी में 13, गुजरात में 12 और तेलंगाना में 10 मौतें शामिल हैं।

महाराष्ट्र में 8.25 लाख से अधिक मरीज

महाराष्ट्र में संक्रमण पर नियंत्रण लगता नहीं नजर आ रहा है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से लगातार 15 हजार और उसके आस पास नए मामले मिल रहे हैं। राज्य में अब रिकॉर्ड 17,433 नए केस मिले हैं। तीसरी बार राज्य में 17 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा आठ लाख 25 हजार 739 हो गया है। अब तक 25,195 लोगों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि, इस दौरान करीब 14 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली और स्वस्थ होने वाले कुल मरीजों की संख्या भी छह लाख के करीब पहुंच गई। डेढ़ लाख से कम ही सक्रिय मरीज रह गए हैं। जागरण

Related Articles

Back to top button