देश-विदेश

न्याय विभाग ने “यह मेरा कर्तव्य” अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए विश्व पुस्तक मेले में भाग लिया

नई दिल्ली: पिछले एक वर्ष से नागरिकों के कर्तव्य के प्रति जागरूकता निर्माण की गतिविधियों को जारी रखते हुए न्याय विभाग नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला, 2020 में भाग ले रहा है। यह पुस्तक मेला 04 से 12 जनवरी, 2020 तक प्रगति मैदान, नई दिल्ली में आयोजित किया गया है। नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा आयोजित विश्व पुस्तक मेले में एक स्टॉल (04 एवं 05, हॉल नं 8-11) ‘संविधान और नागरिकों के कर्तव्य’ लगाया गया है। स्टॉल में डिजिटल प्रदर्शनी लगाई गई है जिसमें संविधान, संविधान सभा, संविधान सभा के संस्थापक सदस्यों के भाषणों के मुख्य अंश आदि दिखाए गए हैं।

सभी के लिए और विशेषकर बच्चों के लिए संविधान की प्रस्तावना पढ़ने और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए एक कियोस्क निर्मित किया गया है।

संविधान और नागरिकों के कर्तव्य विषय पर 7 और 9 जनवरी, 2020 को विश्व पुस्तक मेले के थीम पैवेलियन में स्कूली बच्चों के लिए एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

मुख्य हॉल की बाहरी दीवार पर संविधान की प्रस्तावना और मूल कर्तव्यों को प्रदर्शित किया गया है ताकि लोग इसे पढ़कर संविधान के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करें तथा प्रस्तावना व मूल कर्तव्यों के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखलाएं।

Related Articles

Back to top button