देश-विदेश

ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप: मनु भाकर के नाम दूसरा स्वर्ण पदक

भारतीय युवा निशानेबाज मनु भाकर ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स्ड इवेंट के फाइनल में उन्होंने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर स्वर्ण जीता। फाइनल में इस जोड़ी ने भारत की ही नवीन और शिखा नरवाल की जोड़ी को हराया। इससे पहले मनु ने महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा था।

पेरू के लीमा में हो रहे इस चैंपियनशिप के फाइनल में मनु और सरबजोत की जोड़ी ने नवीन और शिखा की जोड़ी को 16-12 से हराया। मनु को इस चैंपियनशिप में तीन और इवेंट में हिस्सा लेना है। उनसे और पदक की उम्मीद की जा रही है। क्वालिफिकेशन राउंड में मनु-सरबजोत ने 386 और नवीन-शिखा ने 385 अंक बनाए थे।

वहीं, 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड इवेंट में भारत की आत्मिका गुप्ता और राजप्रीत सिंह की जोड़ी फाइनल में हार गई। स्वर्ण पदक के लिए उनका मुकाबला ओलंपिक में पदक जीतने वाली अमेरिकी जोड़ी मैरी टकर और विलियम शेनर से था। अमेरिकी जोड़ी ने आत्मिका और राजप्रीत को 17-15 से हराया। भारतीय जोड़ी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।

स्कीट के फाइनल में भी भारत की महिला डबल्स की टीम ने फाइनल में इटली को हराकर स्वर्ण पदक जीता। गनेमत सेखों, अरीबा खान और राइजा ढिल्लन की भारतीय टीम ने इटली की टीम को 6-0 से हराया। वहीं, स्कीट में ही पुरुषों की टीम ने तुर्की को हराकर कांस्य पदक जीता। राजवीर गिल, आयुष रुद्रराजू और अभय सिंह सेखों की तिकड़ी ने तुर्की को 6-0 से हराया।

इससे पहले शुक्रवार को 19 वर्षीय मनु ने महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर निशाना साधा था। सोलह वर्षीय इशा सिंह (240.0) ने रजत जीता। रिदिम चौथे स्थान पर रहीं। रूद्राक्ष पाटिल (250.0) ने दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में रजत पदक जीता। वह टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता अमेरिका के विलियम शानेर के बाद दूसरे स्थान पर रहे। महिलाओं में इस स्पर्धा में रमिता (229.1) ने कांस्य पदक जीता।

Related Articles

Back to top button