उत्तर प्रदेश

उ0प्र0 और मेक्सिको के नुएवो लियोन प्रांत के मध्य एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित होना एक महत्वपूर्ण अवसर: मुख्यमंत्री

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश और मैक्सिको के नुएवो लियोन प्रांत के मध्य एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित होना एक महत्वपूर्ण अवसर है। भारत अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसे में भारत द्वारा जी-20 समूह की अध्यक्षता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में की जा रही है। भारत और मेक्सिको जी-20 समूह के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। जी-20 के आयोजन के माध्यम से भारत अपनी संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री जी आज यहाँ अपने सरकारी आवास पर मेक्सिको के नुएवो लियोन प्रांत तथा उत्तर प्रदेश सरकार के मध्य एम0ओ0यू0 के आदान-प्रदान के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी के समक्ष नुएवो लियोन के आर्थिक मामलों के मंत्री श्री इवान रिवास तथा उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह के मध्य एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया। ज्ञातव्य है कि पर्यटन, मेडिकल, कृषि, फार्मा तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित अन्य सेक्टरों में निवेश के सम्बन्ध में यह एम0ओ0यू0 किया गया है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के विकास से सम्बन्धित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने नुएवो लियोन प्रान्त के गवर्नर तथा उनके साथ आए प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और मेक्सिको दुनिया में मैत्री, विश्वास और सौहार्द की परम्परा का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों दुनिया की उभरती अर्थव्यवस्थाओं में हैं। दोनों देशों ने अपने यहाँ लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता दी है और इन मूल्यों के साथ विकास की परम्परा को आगे बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि से भारत का सबसे बड़ा राज्य है। भारत की आबादी लगभग 140 करोड़ है, जिसमें से 25 करोड़ की आबादी अकेले उत्तर प्रदेश में निवास करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विगत 09 वर्षों में भारत ने प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त की है। वर्तमान में भारत अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसे समय में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हुआ है। भारत की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश अपना योगदान दे सकें इसके लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उत्तर प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए प्रदेश सरकार ने कार्य किये हैं। 13 वर्तमान और प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के साथ उत्तर प्रदेश ने स्वयं को ‘एक्सप्रेस-वे प्रदेश’ के रूप में स्थापित किया है। राज्य में बेहतर इंटर स्टेट कनेक्टिविटी के साथ ही बेहतर एयर कनेक्टिविटी भी है। वर्तमान में प्रदेश में तीन अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे क्रियाशील हैं। शीघ्र ही उत्तर प्रदेश पांच अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला देश में प्रथम राज्य होगा। यह प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16,000 किलोमीटर से अधिक का भारत का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। देश का पहला इनलैंड वॉटर-वे वाराणसी से हल्दिया के बीच प्रारंभ हो चुका है। इसने प्रदेश को देश के पूर्वी निर्यात केन्द्र तक पहुंच प्रदान की है। उत्तर प्रदेश में इनलैंड वॉटर-वेज अथॉरिटी के निर्माण की कार्यवाही वर्तमान में गतिमान है। वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जंक्शन उत्तर प्रदेश में है, जो प्रदेश में मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब की संभावनाओं को आगे बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत की कुल 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि उत्तर प्रदेश में है, जिससे यह भारत के कुल खाद्यान्न का 20 प्रतिशत उत्पादित करता है। उत्तर प्रदेश को भारत की फूड बास्केट के रूप में भी जाना जाता है। यह भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म, स्पिरिचुअल टूरिज्म तथा हेरिटेज टूरिज्म की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए 25 सेक्टोरियल पॉलिसीज़ का निर्माण किया गया है। इन्हें सभी निवेशकों ने पसंद किया है। फरवरी, 2023 में उत्तर प्रदेश में यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन के माध्यम से 36 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव की ग्राउण्ड ब्रेकिंग के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को साकार करने के लिए ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को सरल किया गया है। प्रदेश में इस सम्बन्ध में आवश्यक रिफॉर्म किये गए। तकनीकी का उपयोग करके निवेशकों को सुविधाएं प्रदान की गई। इसके लिए निवेश सारथी तथा निवेश मित्र पोर्टल का विकास किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दिसम्बर, 2022 में उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक के नेतृत्व में मेक्सिको में प्रदेश सरकार का डेलीगेशन गया था। मेक्सिको के निवेशकों से संवाद बनाते हुए प्रदेश के विकास के लिए वहां से निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। भारत में मैक्सिको की कई कंपनियां कार्यरत हैं। भारत व मैक्सिको के मध्य मैत्रीपूर्ण आर्थिक सम्बन्ध है। आज मेक्सिको के नुएवो लियोन प्रान्त तथा उत्तर प्रदेश के बीच एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित हो रहा है, इसे आगे बढ़ाने में उत्तर प्रदेश सरकार मजबूती से कार्य करेगी। भारत तथा मेक्सिको आर्थिक क्षेत्र में बेहतरीन साझेदारी के साथ उन्नति की ओर अग्रसर होंगे। इसमें उत्तर प्रदेश तथा नुएवो लियोन प्रांत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक बड़ा राज्य है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यह राज्य तेजी से विकास कर रहा है और आर्थिक दृष्टि से सतत् उन्नति की ओर अग्रसर है। यहां एअरपोर्ट, रेलवे तथा हाइवे के माध्यम से बेहतरीन कनेक्टिविटी की सुविधाएं हैं। प्रदेश में डेयरी, एग्रीकल्चर तथा ऑटोमोबाइल सेक्टर में मेक्सिको के लिए निवेश की बड़ी सम्भावनाएं हैं।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आर्थिक प्रगति के कार्यक्रम लागू किए हैं और राज्य को देश में निवेश के गंतव्य स्थल के रूप में स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश की पहचान भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में बन रही है। उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की दिशा में ठोस कदमों से आगे बढ़ रहा है।
नुएवो लियोन प्रान्त के गवर्नर श्री सैमुअल एलेजांद्रो गार्सिया सिपुलेवेडा ने कहा कि उत्तर प्रदेश से व्यापारिक रिश्तों की शुरुआत उनके लिए सौभाग्य की बात है। उत्तर प्रदेश में आज बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश और नुएवो लियोन एक-दूसरे के बहुत करीब हैं। भारत और मेक्सिको 14 हजार किलोमीटर दूर होकर भी एक-दूसरे से दूर नहीं हैं। नुएवो लियोन मेक्सिको का औद्योगिक प्रदेश है। उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेन्स की नीति है, उसी प्रकार नुएवो लियोन में कानून का शासन बनाए रखने में उन्हें कामयाबी मिली है। नुएवो लियोन प्रान्त के गवर्नर ने टीम यू0पी0 को आमंत्रित करते हुए कहा कि हम दोनों को पारस्परिक सहयोग से व्यापार को बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज के एम0ओ0यू0 के साथ ही दोनों राज्य विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेंगे।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवन्त सिंह सैनी, मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव दुग्ध विकास श्री रजनीश दुबे, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं मेक्सिको के नुएवो लियोन प्रांत के मिनिस्टर ऑफ इकोनॉमिक्स श्री इवान रिवास, डिप्टी सेक्रेटरी फॉर इन्वेस्टमेण्ट श्री ईमैनुअल लू उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button