Wednesday , July 15 2026

US Iran Conflict: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान; होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की ‘पूर्ण नाकेबंदी’ का आदेश, 20% टैक्स की जगह रखी यह बड़ी शर्त

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को लेकर एक बेहद आक्रामक घोषणा की है, जिसने ईरान की चिंताओं को चरम पर पहुंचा दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि ईरान को छोड़कर दुनिया के सभी देशों के व्यापारिक जहाजों के लिए यह समुद्री मार्ग पूरी तरह खुला रहेगा। उन्होंने ईरान के शीर्ष नेतृत्व को झूठा, हिंसक और बुरी नीयत वाला बताते हुए कहा कि उनकी नीतियां देश को बर्बादी की ओर ले जा रही हैं। इसी के चलते अमेरिका अब होर्मुज स्ट्रेट में उन सभी जहाजों की पूर्ण नाकेबंदी (Blockade) करेगा, जो ईरानी बंदरगाहों से आ-जा रहे हैं या ईरानी कार्गो का सामान ले जा रहे हैं।

अमेरिकी सेना की तारीफ और मध्य पूर्व के नेताओं से बातचीत

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने लिखा, "अमेरिकी सेना की अदम्य ताकत के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल का फ्लो पहले से कहीं ज्यादा बेहतर ढंग से हो रहा है।" इसके लिए उन्होंने वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ, जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन और यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर की लीडरशिप की जमकर सराहना की। ट्रंप ने बताया कि मध्य पूर्व (Middle East) के नेताओं के साथ उनकी बेहद फायदेमंद बातचीत हुई है, जिसके बाद सुरक्षा नीतियों में यह बदलाव किया गया है।

20% सुरक्षा टैक्स का फैसला बदला, अब अमेरिका में करना होगा भारी निवेश

इससे पहले ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घोषणा की थी कि अमेरिका अब से ‘होर्मुज स्ट्रेट का संरक्षक’ होगा और सुरक्षा खर्च निकालने के लिए वहां से गुजरने वाले सभी कार्गो जहाजों पर 20 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा। हालांकि, नए फैसले के तहत उन्होंने इस 20% अमेरिकी रीइंबर्समेंट फीस (टैक्स) की योजना को वापस ले लिया है। इसकी जगह अब खाड़ी देशों (Gulf States) को अमेरिका के साथ बड़े पैमाने पर ट्रेड और इन्वेस्टमेंट डील करनी होंगी। ट्रंप के मुताबिक, यह निवेश इतिहास में सबसे बड़ा होगा, जिससे अमेरिका में बड़े स्तर पर फैक्ट्रियां, प्लांट और उपकरण आएंगे और लाखों उच्च वेतन वाली नौकरियां पैदा होंगी।

'ईरान के पास कभी नहीं होगा परमाणु हथियार'

अपने सख्त लहजे को बरकरार रखते हुए ट्रंप ने ईरान सरकार को दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "अमेरिका एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर रहा है। ईरान द्वारा अपने ही लाखों लोगों, जिनमें 52,000 प्रदर्शनकारी भी शामिल थे, की हत्या करने के काले दिन अब हमेशा के लिए खत्म हो गए हैं।" ट्रंप ने पूरी दुनिया को आश्वस्त करते हुए सबसे बड़ी बात यह कही कि उनके रहते ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार (Nuclear Weapons) नहीं होगा।