उत्तर प्रदेश

दीपोत्सव की भव्यता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन: जयवीर सिंह

लखनऊः गत वर्ष अयोध्या में राम की पैड़ी पर 9.41 लाख दीये एक साथ जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बनाया गया था। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 11.32 लाख दीये एक साथ प्रज्जवलित कर गिनीड वर्ल्ड रिकार्ड स्थापित किया गया है। जिसे पर्यटन विभाग उ0प्र0 द्वारा 14.50 लाख दीये दीपोत्सव अयोध्या-2022 में एक साथ प्रज्जवलित कर पुनः गिनीड वर्ल्ड रिकार्ड स्थापित किया जायेगा।
यह जानकारी आज प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि दीपोत्सव अयोध्या-2022 के माध्यम से अयोध्या को भव्यता एवं दिव्यता के साथ जगमग किया जायेगा। इसके अलावा गत वर्ष की भांति पर्यटन विभाग द्वारा अयोध्या में दीपोत्सव के अवसर पर रामायण पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा।
श्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या में राम की पैड़ी पर पहली बार 500 ड्रोन के साथ भव्य ड्रोन-शो कराया जायेगा। इसके अतिरिक्त 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग एवं लेजर-शो भी राम की पैड़ी पर इस वर्ष भी किया जायेगा। इसके अतिरिक्त क्रिएटिव सेटअप के अंतर्गत राम की पैड़ी पर राम दरबार राम कथा पार्क में आर्क गेट, स्टेज सेटअप आदि का भी कार्य कराया जायेगा।
श्री जयवीर सिंह ने कहा कि चन्दन नगर लाईटिंग वाले गेट, एल पैनल अयोध्या मुख्य मार्गों की सजावट एवं विभिन्न मंदिरों, स्मारकों एवं घाटों आदि की सजावट का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी अयोध्या में दीपोत्सव-2022 के अवसर पर भव्य ग्रीन फायर क्रैकर शो का भी आयोजन किये जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्म स्थली होने के कारण पूरी दुनिया से लोग अयोध्या दीपोत्सव के अवसर पर पधारते हैं। इसके दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष भी दीपोत्सव के कार्यक्रम को पूरी दिव्यता के साथ शानदार मनाया जायेगा।

Related Articles

Back to top button