LG Electronics India IPO : एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड का 11,607 करोड़ रुपये का आईपीओ 7 अक्टूबर को खुलेगा। निवेशक 9 अक्टूबर तक आईपीओ सब्सक्राइब कर सकते हैं। कंपनी ने 1,080-1,140 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यह आईपीओ एंकर निवेशकों के लिए 6 अक्टूबर को खुलेगा।
शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से पहले एलजी इंडिया के शेयर ग्रे मार्केट में तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं, कंपनी के शेयर 140 रुपये प्रति शेयर के ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) पर कारोबार कर रहे हैं, जो निवेशकों के लिए एक अच्छा संकेत हो सकता है।
साल का तीसरा सबसे बड़ा आईपीओ
टाटा कैपिटल के 15,500 करोड़ रुपये के आईपीओ और एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के 12,500 करोड़ रुपये के आईपीओ के बाद 2025 का तीसरा सबसे बड़ा आईपीओ होगा। पिछले साल अक्टूबर में दक्षिण कोरियाई कंपनी की भारतीय इकाई हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने भारतीय बाजार में प्रवेश किया था।
मूल कंपनी बेच रही है हिस्सेदारी
यह आईपीओ एक पूर्ण ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) है, जिसमें दक्षिण कोरियाई मूल कंपनी एलजी, 101.8 करोड़ से ज़्यादा शेयर बेचेगी, जो उसकी भारतीय इकाई में लगभग 15 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। एलजी इंडिया को आईपीओ से प्राप्त राशि में कोई हिस्सा नहीं मिलेगा। यह राशि सीधे मूल कंपनी को जाएगी।
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया की नोएडा और
पुणे में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट हैं, जिनकी क्षमता 14.51 मिलियन उत्पाद बनाने की है। वित्त वर्ष 2024-2025 में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 24,366.64 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024 में यह 21,352 करोड़ रुपये था। इस दौरान एलजी इंडिया का शुद्ध लाभ 1511 करोड़ रुपये से बढ़कर 2203 करोड़ रुपये हो गया है।
ग्रे मार्केट प्रीमियम क्या है?
ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP), आईपीओ मूल्य से ऊपर की वह अतिरिक्त राशि है जो निवेशक अनौपचारिक बाज़ार में शेयरों के लिए, बाज़ार में आधिकारिक रूप से सूचीबद्ध होने से पहले, चुकाने को तैयार होते हैं। ग्रे मार्केट प्रीमियम एक मूल्य अटकलबाज़ी है, वास्तविक कारोबार इससे भिन्न हो सकता है।
UK News