नरेश उत्तम पटेल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार
लखनऊ पूर्ण बहुमत की सत्ता गंवाने के बाद संस्थापक मुलायम सिंह यादव व कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव का भी साथ नहीं मिलने के बाद भी समाजवादी पार्टी अपनी राह पर है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राज्य अधिवेशन में नरेश उत्तम पटेल को फिर से पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में पार्टी का आठवां राज्य सम्मेलन कर रहे हैं। बतौर निर्वाचक अधिकारी रामगोपाल यादव ने प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करते हुए कहा कि किसी अन्य का नाम नहीं होने की वजह से नरेश उत्तम को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया जाता है।
सम्मेलन का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया। सत्ता से अलग होने के बाद पहली बार हो रहे समाजवादी पार्टी के राज्य सम्मेलन में आज न सिर्फ अखिलेश यादव के संगठन कौशल की परीक्षा होगी, बल्कि मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव के बिना पार्टी में उनकी ताकत का आकलन भी होगा। इसी कारण समाजवादी पार्टी ने इस राज्य सम्मेलन को सफल बनाने में पूरी ताकत झोंक दी।
मैं हमेशा सपा की कर्जदार रहूंगा: नरेश उत्तम
नवनिर्वाचित सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाने का विश्वास अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिखाया है उसके लिए मैं हमेशा सपा का कर्जदार रहूंगा। हम सभी लोगों को आगामी लोकसभा चुनाव में सपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाना है। कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों में हम अपनी मेहनत से दिखा देंगे। समाजवादी जनता के हितों की बात करने वालों में हैं। पूरे प्रदेश में भाजपा की सरकार ने समाज मे जहर घोलने का काम किया है। इनका मकसद समाज को बांटकर राज करने का है।