Uncategorized

यूक्रेन पर हमले का सातवां दिन : 6 दिन में दूसरी बार मोदी की पुतिन से बातचीत

यूक्रेन पर रूसी हमला बुधवार को सातवें दिन भी जारी है। खार्किव समेत कई प्रमुख शहरों में लगातार हमले हो रहे हैं। यहां 24 घंटे में हुए हमलों में 21 लोग मारे गए, 112 घायल हो गए। आज सुबह रूसी पैराट्रूपर्स ने खार्किव में एक अस्पताल पर हमला किया। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि जंग में अब तक लगभग 6000 रूसी सैनिक मारे गए हैं।

यूक्रेन की डिफेंस मिनिस्ट्री ने बुधवार रात कहा- रूस के कई सैनिक हमारी गिरफ्त में हैं। इन्हें जन्म देने वाली माताएं आकर इन्हें ले जा सकती हैं। मंगलवार को इन सैनिकों की संख्या 60 बताई गई थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ देर पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बातचीत की। जंग छिड़ने के बाद दोनों नेताओं की यह दूसरी बार बातचीत थी। माना जा रहा है कि इस दौरान भारतीय लोगों की सुरक्षित वापसी पर विचार हुआ।

इंफोग्राफिक से समझिए यूक्रेन के 6 लाख शरणार्थी कितनी तादाद में किस देश में पहुंचे

जंग छिड़ने के बाद यूक्रेन के नागरिक दूसरे देशों में पलायन कर रहे हैं। यूक्रेन की सीमा से सटे पोलैंड, हंगरी, मालदोवा, रोमानिया, स्लोवाकिया और बेलारूस में सबसे ज्यादा माइग्रेशन हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जिस रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है, वहां से भी एक लाख से ज्यादा लोगों ने पलायन किया है। नीचे दिए ग्राफिक से समझिए, जंग शुरू होने के बाद यूक्रेन से किस देश में कितने लोगों ने पलायन किया है…

अन्य अपडेट्स…

  • अमेरिका ने अपने हवाई क्षेत्र से रूसी उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
  • वर्ल्ड बैंक का कहना है कि वो यूक्रेन की मदद के लिए 3 अरब डॉलर की मदद भेजेगा, जिसमें से 35 करोड़ डॉलर अगले हफ्ते तक भेज दिए जाएंगे।
  • हेग में स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) यूक्रेन में नरसंहार के दावों को लेकर अगले हफ्ते सोमवार से पब्लिक हियरिंग शुरू करेगा।
  • ब्रिटिश विदेश सचिव लिज ट्रस ने रूस पर नए प्रतिबंधों का ऐलान करते हुए ब्रिटेन के बंदरगाहों पर रूसी जहाजों को बैन कर दिया है।
  • जो बाइडेन ने यूएस कांग्रेस में स्टेट ऑफ द यूनियन को संबोधित करते हुए कहा- पुतिन ने गलत कदम उठाया है। वो यूरोप को बांटना चाहते थे।
  • संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में जैसे ही रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बोलना शुरू किया, लगभग 100 डिप्लोमैट्स वॉकआउट कर गए।
  • रूस के दो फाइटर जेट्स मार गिराए गए
    न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यूक्रेन के साथ जंग में रूस को बहुत बड़ा झटका लगा है। यूक्रेन के दो मिग-29 ने रूस के दो सुखोई-35 फाइटर जेट मार गिराए हैं। हालांकि बाद में यूक्रेन का एक मिग 29 भी क्रैश हो गया। तकनीकी तौर पर विमानों के बीच होने वाली इस जंग को डॉगफाइट कहा जाता है। दूसरी तरफ, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कन्फर्म किया है कि पोलैंड में रूस और यूक्रेन के अफसरों के बीच बातचीत का दूसरा दौर शुरू होने वाला है। पहला दौर सोमवार को हुआ था।

    थर्ल्ड वर्ल्ड वॉर की धमकी
    रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बुधवार को इशारों ही इशारों में तीसरे विश्व युद्ध की धमकी दे डाली। कहा- अगर थर्ड वर्ल्ड वॉर होता है तो इसके नतीजे बेहद खौफनाक होंगे और इसमें एटमी हथियारों का इस्तेमाल भी खुलकर होगा। हमने पहले ही साफ कर दिया है कि यूक्रेन को न्यूक्लियर वेपंस हासिल नहीं करने देंगे। जो जंग चल रही है, उसके जिम्मेदार अमेरिका और पश्चिमी देश हैं। उन्होंने रूस से किए गए वादे पूरे नहीं किए। यूक्रेन शुरू से अमेरिका के इशारों पर नाच रहा है।

    रूसी हमले में भारतीय छात्र की मौत
    यूक्रेन पर रूस के हमले के छठवें दिन खार्किव शहर में एक भारतीय छात्र नवीन कुमार की मौत हो गई थी। अब नवीन के पिता शेखरप्पा ने PM मोदी और CM बोम्मई से अपने बेटे की बॉडी जल्द से जल्द देश लाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button