Wednesday , August 26 2026

ट्रंप प्रशासन का बड़ा फैसला: दुनियाभर में अमेरिकी वीजा अपॉइंटमेंट पर अस्थाई रोक, जानिए क्या है वजह

डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन और आप्रवासन नीतियों को लेकर बढ़ती सख्ती के बीच अमेरिका ने एक बड़ा और चौंकाने वाला कदम उठाया है। अमेरिका ने दुनिया भर के वीजा आवेदकों के अपॉइंटमेंट पर अस्थाई रूप से रोक लगा दी है। अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में अधिकारियों के लिए एक नई ग्लोबल ट्रेनिंग पहल शुरू की गई है, जिसके चलते वीजा सेवाओं के शेड्यूल में बदलाव किए जा रहे हैं।

ग्लोबल ट्रेनिंग के चलते वीजा सेवाओं में बदलाव

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि करते हुए मंगलवार को जानकारी दी कि दुनिया भर के सभी अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक व्यापक ग्लोबल ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के कारण ही वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट में अस्थायी फेरबदल और रोक लगाई गई है।

ट्रंप प्रशासन देश से अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने (डिपोर्टेशन) और इमिग्रेशन नियमों को कड़ा करने के लिए लगातार आक्रामक अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत वीजा और ग्रीन कार्ड रद्द करने के साथ-साथ कई तकनीकी व राजनीतिक कारणों से आवेदनों को खारिज किए जाने के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसमें गाजा संघर्ष के दौरान हुए फिलिस्तीन-समर्थक प्रदर्शनों से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

कानूनी अड़चनों और अदालती झटकों के बीच प्रशासन की सख्ती

ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों का तर्क है कि इन कड़े कदमों का मुख्य उद्देश्य देश की आंतरिक सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत करना है। हालांकि, प्रशासन की इन नीतियों को कई स्तरों पर कानूनी अड़चनों और अदालती झटकों का भी सामना करना पड़ रहा है।

हाल ही में एक अमेरिकी संघीय जज ने ट्रंप प्रशासन की उस नीति को औपचारिक रूप से रद्द कर दिया था, जिसके तहत 75 देशों के आवेदकों के अप्रवासी वीजा जारी करने पर रोक लगाई गई थी। अदालत का कहना था कि यह नीति सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो के कानूनी अधिकार क्षेत्र से बाहर थी। इन कानूनी चुनौतियों के बावजूद प्रशासन अपनी नीतियों को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है।