राजनीति

BJP कार्यकारिणी बैठक:अमित शाह ने राहुल गांधी के वंशवाद पर साधा निशाना

मिशन 2019 की तैयारी में जुटी भाजपा के मुख्य निशाने पर कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी हैं। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की शुरुआत में ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राहुल गांधी के वंशवाद के बयान पर तीखा हमला किया है। शाह ने कहा है राहुल गांधी देश की गरिमा व उपलब्धियों को नकार रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पदों पर जो लोग बैठे हैं वे किसी वंशवाद से नहीं आए हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने जिस तरह से वंशवाद को अनिवार्य बताया भाजपा उसकी निंदा करती है। भाजपा सुशासन में विश्वास करती है. इस देश में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री हों या स्पीकर अपने काम के आधार पर सर्वोच्च पदों पर गए हैं। भाजपा प्रदर्शन की राजनीति को आधार बनाएगी।

केरल में उतरेंगे बड़े नेता
केरल में भाजपा व संघ कार्यकर्ताओं पर हो रहे हिंसक हमलों के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता 3 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक केरल में यात्रा करेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह इस यात्रा की शुरुआत करेंगे और बाद में कई केंद्रीय नेता इसमें शामिल होंगे। शाह ने कहा है कि हिंसा का कीचड़ कोई कितना ही फैलाए, भाजपा का कमल खिलेगा।

भूपेंद्र ने रखा राजनीतिक प्रस्ताव, योगी ने किया समर्थन
कार्यकारिणी में एक ही प्रस्ताव रखा गया। इसमें सुरक्षा से लेकर आर्थिक स्थिति तक का जिक्र किया गया है। जीएसटी को दीर्घकालिक बड़ा सुधार करार देने के साथ इसे गरीब कल्याण से जोड़ा गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि अर्थव्यवस्था सुधर रही है, विकास के काम हो रहे हैं।

डोकलाम पर प्रधानमंत्री की सराहना
बैठक में नोटबंदी से लेकर आतंकवाद पर कड़े प्रहार तक और जीएसटी से लेकर डोकलाम तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की गई। प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने कूटनीति से डोकलाम विवाद को हल करने में सफलता हासिल की।

Related Articles

Back to top button