उत्तर प्रदेश

शिक्षा को सर्वांगीण विकास के साथ जोड़कर मानव जीवन के विकास में सहायता मिलेगी: सीएम

लखनऊउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद गोरखपुर में महात्मा गांधी पी0जी0 काॅलेज के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि गोरखपुर में शिक्षा की गुणवत्ता को ध्यान में रखकर इस शिक्षण संस्था ने मानक स्थापित किया है। शिक्षा को सर्वांगीण विकास के साथ जोड़कर मानव जीवन के विकास में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी पी0जी0 काॅलेज का इतिहास अत्यन्त गौरवशाली है। यह सरलता एवं सहजता के साथ उत्तम शिक्षा का केन्द्र है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महात्मा गांधी पी0जी0 काॅलेज के संस्थापकों द्वारा 110 वर्ष पूर्व इस संस्था को शिक्षा के केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए जो कार्य किया, उसका परिणाम यह महाविद्यालय है। उन्होंने कहा कि आज का समय आविष्कारों का है। आज हमारे युवाओं को अच्छा माहौल देने का कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक क्षेत्र में कुछ न कुछ कार्य किए जा रहे हैं। युवाओं को रोजगार मिल रहा है, माहौल बदल रहा है। सामूहिक जिम्मेदारी की भावना से गोरखपुर में विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि फर्टिलाइजर कारखाना आरम्भ होने पर युवाओं को रोजगार मिलेगा। पर्यटन का विकास किया जा रहा है। एक समय पूर्वी उ0प्र0 को चीनी का कटोरा कहा जाता था, किन्तु धीरे-धीरे सभी चीनी मिलें बन्द हो गईं। सरकार बनने के बाद जनपद में चीनी मिल को प्रारम्भ कराया गया, जिससे 1000 युवाओं को सीधे रोजगार मिला। एम्स के निर्माण से स्वास्थ्य की बेहतरीन सुविधाओं के साथ 05 हजार युवाओं को रोजगार मिला। इस वर्ष के अन्त तक जनपद गोरखपुर में चिड़ियाघर भी प्रारम्भ हो जाएगा। गोरखपुर से दिल्ली, मुम्बई, बैंगलुरु तथा प्रयागराज सहित विभिन्न शहरों के लिए हवाई सेवाएं संचालित हैं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रबन्धक श्री प्रेम नारायण श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया। श्री गंगादयाल श्रीवास्तव ने अपने सम्बोधन में विद्यालय के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button