उत्तर प्रदेश

विश्व आर्थिक मंच से मिलेगी वन ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने की दिशाः नन्दी

लखनऊ: दावोस (स्विटजरलैंड) में अगले महीने 14 से 20 जनवरी तक आयोजित होने जा रहे विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमी फोरम) की बैठक में पहली बार उत्तर प्रदेश की सशक्त भागीदारी एवं तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने आज पिकप भवन सभागार लखनऊ में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
जिसमें मंत्री नन्दी ने कहा कि दावोस में पहली बार उत्तर प्रदेश पैवेलियन प्रदर्शित किया जा रहा है जिससे पूरी दुनिया के लोग उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और संस्कृति की झलक से रूबरू हो सकेंगे। जिसके जरिये आज देश का ग्रोथ इंजन बन चुके उत्तर प्रदेश में दुनिया भर के निवेशकों को निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को 2027 तक वन ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए विश्व आर्थिक मंच एक अच्छा एवं उपयुक्त स्थान साबित होगा। जहां पहली बार उत्तर प्रदेश का स्टेट पैवेलियन प्रदर्शित किया जाएगा। मंत्री नन्दी ने कहा कि हमारा उद्देश्य वैश्विक सीईओ और अन्य बड़े निवेशकों के सामने उत्तर प्रदेश को एक आकर्षक निवेश स्थल के रूप में प्रस्तुत करना है ताकि दुनिया भर के निवेशकों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया जा सके। मंत्री नन्दी ने कहा कि दावोस में विश्व आर्थिक मंच के सम्मेलन से उत्तर प्रदेश में एक ट्रिलियन डालर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने में मजबूती मिलेगी।
दावोस (स्विटजरलैंड) में आयोजित होने जा रहे विश्व आर्थिक मंच की बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल शिरकत करेगा। प्रतिनिधिमंडल में मंत्री नन्दी के साथ ही वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव अमित सिंह शामिल हैं। उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधिमंडल 14 जनवरी को दावोस पहुंचेगा।
समीक्षा बैठक में मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार के पैवेलियन में उत्तर प्रदेश के कारोबारी माहौल व यहां की संस्कृति दोनों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और कारोबारी सहूलियतों के लिए लागू की गई नीतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जानी चाहिए। कहा कि पैवेलियन में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) का सुंदर ढंग से प्रस्तुतिकरण किया जाना चाहिए, ताकि पैवेलियन में आने वाले लोगों को सुखद अनुभूति हो। ऐसी व्यवस्थाएं की जाएं जिससे पैवेलियन में आने वाले वैश्विक सीईओ और अन्य प्रमुख लोगों के बीच उत्तर प्रदेश की अच्छी छवि बने। बैठक में प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अनिल सागर व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) एक स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था का एजेंडा निर्धारित करता है। विश्व आर्थिक मंच वैश्विक, क्षेत्रीय और उद्योग एजेंडा को आकार देने के लिए व्यापार, तकनीकी, राजनीतिक, शैक्षणिक और समाज के अन्य नेताओं को शामिल करता है। दावोस सम्मेलन में 1000 से अधिक वैश्विक सीईओ, उद्योगों के नेतृत्वकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ, राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शिरकत करेंगे। भारत सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी, हरदीप सिंह पुरी और अश्वनी वैष्णव विश्व आर्थिक मंच की बैठक में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button