Saturday , June 20 2026

एलन मस्क की अनोखी मुसीबत: स्पेसएक्स के मालिक को नहीं मिल रहे इंजीनियर्स, टैलेंट की कमी नहीं बल्कि पत्नियों का ‘यह’ डर बनी असली वजह

दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर और स्पेसएक्स (SpaceX) के मालिक एलन मस्क इंसानी बस्तियों को मंगल ग्रह पर ले जाने और अंतरिक्ष में इतिहास रचने का ख्वाब देख रहे हैं। लेकिन ब्रह्मांड को जीतने का दावा करने वाले मस्क को धरती पर एक ऐसी अनोखी और पेचीदा चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, जिसका तोड़ दुनिया के इस सबसे अमीर इंसान के पास भी नहीं है। मस्क ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि स्पेसएक्स के लिए इस समय सबसे बड़ा सिरदर्द कोई तकनीकी खराबी या टैलेंटेड लोगों की कमी नहीं है। बल्कि सबसे बड़ी आफत शादीशुदा इंजीनियर्स को मेक्सिको बॉर्डर के पास स्थित 'स्टारबेस' (Starbase) में रहने के लिए राजी करना है। मस्क ने इस पूरी पारिवारिक उलझन को 'सिग्निफिकेंट अदर' (Significant Other) प्रॉब्लम का नाम दिया है।

आखिर क्या है मस्क की यह 'सिग्निफिकेंट अदर' प्रॉब्लम?

एक मशहूर पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान एलन मस्क ने अपनी इस अनोखी और व्यावहारिक परेशानी को खुलकर दुनिया के सामने रखा। मस्क के मुताबिक, दुनिया भर के कई दिग्गज और टैलेंटेड इंजीनियर्स स्पेसएक्स के बड़े व महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स और रॉकेट्स पर काम करने के लिए बेहद उत्सुक रहते हैं। लेकिन जैसे ही उन्हें टेक्सास के सुदूर इलाके में बने 'स्टारबेस' में रीलोकेट (शिफ्ट) होने के लिए कहा जाता है, वे अपने कदम पीछे खींच लेते हैं।

इसकी वजह बताते हुए मस्क ने कहा कि जब कोई शादीशुदा या रिलेशनशिप में रहने वाला कर्मचारी वहां जाता है, तो उसके 'सिग्निफिकेंट अदर' यानी लाइफ पार्टनर/पत्नी को उस सुदूर और कटे हुए इलाके में नौकरी या करियर का कोई दूसरा अवसर नहीं मिलता। मस्क के अनुसार, आज के दौर में यह एक गंभीर समस्या है जहां परिवार में किसी एक के करियर की खातिर दूसरे पार्टनर को अपने करियर से पूरी तरह समझौता करना पड़ता है।

हब तो बड़ा है, पर बेहद सुनसान है 'स्टारबेस' का इलाका

भौगोलिक दृष्टि से देखें तो स्पेसएक्स का यह स्टारबेस दक्षिण टेक्सास में मेक्सिको बॉर्डर के बिल्कुल नजदीक स्थित है। यही जगह स्पेसएक्स के सबसे शक्तिशाली रॉकेट्स का मुख्य लॉन्चिंग, मैन्युफैक्चरिंग और टेस्टिंग हब है। साल 2019 से मस्क के पूरे रॉकेट डेवलपमेंट का केंद्र यही इलाका रहा है।

समस्या यह है कि यह पूरा क्षेत्र मुख्य शहरों और आधुनिक सुख-सुविधाओं से कोसों दूर बेहद सुनसान जगह पर है। आम तौर पर दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां जहां अपने ऑफिस बनाती हैं, वहां एक बड़ा कॉर्पोरेट हब और एम्प्लॉयमेंट मार्केट (नौकरी का बाजार) खड़ा हो जाता है। लेकिन स्टारबेस के आस-पास स्पेसएक्स के अलावा दूर-दूर तक कोई दूसरी बड़ी कंपनी या कॉर्पोरेट ऑफिस मौजूद ही नहीं है।

एलन मस्क ने स्टारबेस को क्यों कह दिया 'तकनीकी आश्रम'?

मस्क ने स्टारबेस के माहौल पर खुलकर बात करते हुए इसकी तुलना एक तरह के 'टेक्नोलॉजी मॉनेस्ट्री' यानी तकनीकी आश्रम से कर दी। उन्होंने अपने चिर-परिचित बेबाक और मजाकिया अंदाज में कहा कि यह जगह इतनी सुदूर और वीरान है कि यहां चौबीसों घंटे सिर्फ मर्द ही काम करते हुए दिखाई देते हैं। ऐसे में किसी भी आधुनिक परिवार, कामकाजी महिला पार्टनर या बच्चों के लिए वहां के माहौल में खुद को ढालना और अपने लिए करियर के रास्ते खोजना लगभग नामुमकिन जैसा हो जाता है। यही मुख्य कारण है कि दिग्गज इंजीनियर्स भारी-भरकम सैलरी पैकेज मिलने के बावजूद वहां अपनी फैमिली शिफ्ट करने से कतराते हैं।

कैलिफोर्निया बनाम टेक्सास: मस्क का बदला हुआ फैसला पड़ा भारी

इस रीलोकेशन की समस्या के पीछे मस्क का एक पुराना फैसला भी जिम्मेदार है। इससे पहले स्पेसएक्स का मुख्य हेडक्वार्टर एल सेगुंडो, कैलिफोर्निया में हुआ करता था, जो लॉस एंजिल्स जैसे बेहद आधुनिक और विशाल महानगर का एक अहम हिस्सा है। कैलिफोर्निया में रहने के दौरान कर्मचारियों के पार्टनर्स के लिए अलग-अलग सेक्टर्स में नौकरी के हजारों बेहतरीन विकल्प मौजूद थे।

मस्क ने खुद यह स्वीकार किया कि कैलिफोर्निया से अपना पूरा सेटअप टेक्सास शिफ्ट करने के बाद ही यह 'पारिवारिक रीलोकेशन' की दिक्कत सबसे ज्यादा बढ़ी है। हालांकि, मस्क की दूसरी ऑटोमोबाइल कंपनी टेस्ला (Tesla) का हेडक्वार्टर ऑस्टिन में है, जहां यह समस्या थोड़ी कम है क्योंकि ऑस्टिन और सिलिकॉन वैली जैसे इलाकों में पहले से ही बहुत बड़ा जॉब मार्केट और टेक इकोसिस्टम मौजूद है।

दोहरी कमाई (Double Income) वाले मॉडर्न कपल्स का नया सच

मस्क के इस बयान के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कामकाजी कपल्स और करियर चॉइस को लेकर एक बड़ी बहस छिड़ गई है। आज के आधुनिक दौर में ज्यादातर परिवारों में पति और पत्नी दोनों ही उच्च शिक्षित और कामकाजी (Working) होते हैं।

इंटरनेट यूजर्स और एचआर एक्सपर्ट्स का कहना है कि अब वो पुराना जमाना चला गया जब सिर्फ पति के करियर या ट्रांसफर के लिए पूरी पत्नी और बच्चे अपना सब कुछ छोड़कर किसी भी अनजान या पिछड़े इलाके में शिफ्ट हो जाते थे। आज के नए कपल्स किसी भी शहर में जाने का फैसला दोनों के करियर ग्राफ, बच्चों की पढ़ाई और शहर की सुख-सुविधाओं को पूरी तरह तौलने के बाद ही लेते हैं।

1.1 ट्रिलियन डॉलर के मालिक भी इंसानी रिश्तों के आगे बेबस

यह पूरी चर्चा वैश्विक मीडिया में ऐसे समय में सुर्खियां बटोर रही है, जब एलन मस्क की कुल नेटवर्थ बढ़कर लगभग 1.1 ट्रिलियन डॉलर के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर चुकी है। मस्क आधिकारिक तौर पर इतिहास के पहले ट्रिलियनेयर (Trillionaire) बन चुके हैं। हालांकि, उनकी संपत्ति का ज्यादातर हिस्सा लिक्विड कैश न होकर स्पेसएक्स और टेस्ला जैसी कंपनियों के शेयर्स के रूप में है। पैसे और तकनीक की इस असीमित ताकत के बावजूद, मस्क को अब धरातल पर यह समझ आ गया है कि इंसानी रिश्तों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और पार्टनर के आत्मसम्मान को सिर्फ पैसों की बदौलत नहीं झुकाया जा सकता।